Sunday, March 29, 2009

अमेरिका को मंदी से उबार पाएगा ओबामा का समाजवाद!

Printed from
Navbharat Times - Breaking news, views. reviews, cricket from across India
अमेरिका को मंदी से उबार पाएगा ओबामा का समाजवाद!
29 Mar 2009, 0000 hrs IST,नवभारत टाइम्स
न्यू जर्सी से अशोक ओझा
वर्ष 2008 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान जब बराक ओबामा ने संपत्ति के बराबर वितरण का नारा दिया था, तो उनके प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मैकेन ने ओबामा पर अमेरिका में समाजवाद लाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। मैकेन ने वोटरों को सावधान किया था कि ओबामा उनकी संपत्ति छीनना चाहते हैं। मैकेन को विश्वास था कि अमेरिका में पैसा कमाना ही संस्कृति है और वहां 'समाजवाद' एक अछूत शब्द है, जिसकी काली छाया से लोग दूर भागेंगे और ओबामा को वोट नहीं देंगे।

मैकेन की उम्मीद जल्दी ही टूट गई। बढ़ती बेरोजगारी और आथिर्क मंदी से त्रस्त अमेरिकी जनता को समाजवाद की सचमुच जरूरत थी, लिहाजा उसने मैकेन की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए ओबामा को अमेरिका का प्रेजिडंट चुना। वाइट हाउस में कामकाज संभालते ही ओबामा के सबसे प्रमुख चुनौती थी अमेरिकी इकॉनमी को काबू में लाने की, जिसके लिए उन्होंने सरकार की तरफ से भारी धनराशि खर्च करना जरूरी समझा। जब ओबामा ने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के सामने 3।6 ट्रिलियन डॉलर का बजट पेश किया तो रिपब्लिकन सदस्यों ने यह कहकर विरोध किया कि 'समाजवादी' ओबामा अमेरिका का राष्ट्रीयकरण करना चाहते हैं।
ओबामा और उनके आथिर्क सलाहकार जानते थे कि देश की आर्थिक मंदी का मुख्य कारण रहा है, हर कीमत पर मुनाफा कमाने की पूंजीवादी मनोवृत्ति और पूंजी निवेश के लिए अतिशय 'रिस्क' लेने की अदूरदर्शिता वाला पुराना बैंकिंग सिद्धांत! इसी कारण लीमन ब्रदर्स जैसी वित्तीय निवेशक संस्थाएं और अमेरिकन इंटरनैशनल ग्रुप जैसी अंतरराष्ट्रीय इंशुअरंस कंपनियां दिवालियापन के कगार पर पहुंच गईं। इन कंपनियों की अरबों की पूंजी गलत निवेश के कारण डूब गई। बुश के शासनकाल में बैंकिंग कंपनियों को डूबने से बचाने के लिए आर्थिक मदद का जो सिलसिला शुरू हुआ था, वह ओबामा के शासनकाल में जारी रहा।
आधुनिक अर्थव्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए ओबामा ने बैंकों और बैंकिंग सेवा में लगी वित्तीय संस्थाओं के लिए 1।8 ट्रिलियन डॉलर की राशि तय की। इतनी बड़ी रकम का इस्तेमाल कारोबार के लिए कर्ज सुलभ कराने के लिए होगा। अनेक समाजवादी अर्थशास्त्रियों ने कहा कि जापान की तरह अमेरिका में भी बैंकों का राष्ट्रीयकरण करना चाहिए। लेकिन ओबामा समाजवाद की उस सीमा तक नहीं जाना चाहते, जहां कभी भारत जैसे देश जा चुके थे।
आपको याद होगा कि 60 के दशक में इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री रहते हुए भारत के सभी बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया गया था। उस जमाने में बैंकों द्वारा आम लोगों को कर्ज देने की कोई परंपरा नहीं थी। इंदिरा गांधी ने संविधान में संशोधन कर भारतीय नागरिकों के निजी संपत्ति पर हक के मौलिक अधिकार को भी समाप्त कर दिया था। समाजवादी नीतियों के अतिरिक्त इस्तेमाल का यह परिणाम हुआ कि भारत में उपभोक्ता संस्कृति अंकुर पड़ने से पहले ही सूख गई। निजी उद्यमों को सरकारी प्रोत्साहन नहीं मिला, नौकरशाही ने परमिट लाइसंस का साम्राज्य कायम किया, अनुत्पादकता का बोलबाला हो गया और उद्योगों तथा सरकारी नौकरियों में सुरक्षा का माहौल आलस्य और कामचोरी का पर्याय बन गया। भारत तब तक विकास के रास्ते पर नहीं चल पाया, जब तक कि राजीव गांधी और नरसिंह राव की सरकारों ने इकॉनमी को ढीला कर विदेशी पूंजी निवेश की शुरुआत नहीं की और परमिट-लाइसंस का राज खत्म कर उपभोक्ता संस्कृति को पनपने का रास्ता नहीं खोल दिया।
ओबामा के बजट में आर्थिक मंदी दूर करने के लिए बैंकिंग और बीमा कंपनियों को मदद देना उसका एक छोटा-सा हिस्सा था। ओबामा जानते हैं कि उनका समाजवाद तब तक अधूरा रहेगा, जब तक कि लाखों बेरोजगारों को नौकरियां नहीं मिल जातीं और छोटे व्यापारी अपने पैरों पर खड़े होकर काम के इंतजार में बैठे लोगों को नौकरी नहीं दे देते।
सम्पति के समान वितरण का सिद्धांत अमल में लाने के लिए ओबामा ने दो लाख डॉलर सालाना से कम पानेवाले लोगों के लिए टैक्स राहत की घोषणा की, जबकि हर साल ढाई लाख डॉलर से ज्यादा वेतन पानेवालों के लिए इनकम टैक्स की दरें बढ़ा दीं। मुनाफे की संस्कृति से जुड़ी कई मान्यताओं को ओबामा ने ध्वस्त किया। हालांकि वह राष्ट्रीयकरण की सीमा तक जाना नहीं चाहते, लेकिन विकास के हर पहलू को सरकारी मदद से चौड़ा करना चाहते हैं। वैकल्पिक ऊर्जा के लिए संशोधन और उनसे जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहन देने की ओबामा की नीति से प्रभावित होकर आज अमेरिका में सोलर और विंड एनर्जी के क्षेत्र में नई तकनीकों के जल्द इस्तेमाल की उम्मीद है। हाइब्रिड कारें तो सड़कों पर चलने ही लगी हैं, हो सकता है कि आनेवाले कुछ बरसों में सड़कों पर गैस स्टेशन (पेट्रोल पंप) की जगह बैट्री चार्ज स्टेशन नजर आएं, जहां इलेक्ट्रिक चालित कारों को चार्ज किया जा सके। जनता की टैक्स राशि पर निर्भर स्कूल शिक्षा को नया जीवन देने के लिए ओबामा ने स्कूल इमारतों की मरम्मत और शिक्षकों का वेतन बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद की घोषणा भी की है।
अमेरिका में 45 करोड़ लोगों को हेल्थ बीमा की सुविधा नहीं है। इतनी बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ओबामा सरकार ने 63।4 करोड़ डॉलर राशि तय की है। इससे भी आर्थिक सुधार का एक पहलू माना जा रहा है क्योंकि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने पर हर नागरिक राष्ट्रीय विकास में बेहतर योगदान कर सकता है।
बैंकों को आर्थिक मदद देने के बाद सरकार उनसे जिम्मेदारी की उम्मीद भी करती है। छोटे उद्योगों में लगे लाखों लोगों को आर्थिक कर्ज उपलब्ध कराना बैंकों की जिम्मेदारी होगी। ओबामा ने इन बैंकों को निर्देश दिया है कि वे स्मॉल बिज़नस को कर्ज देने के मामले में अपनी प्रोग्रेस रिपोर्ट सरकार के सामने नियमित रूप से पेश करें। बेरोजगारी और आर्थिक मंदी से जूझ रहे इस देश में अब यह मुद्दा विवाद का विषय नहीं रहा कि इकॉनमी में सरकारी हस्तक्षेप कितना 'पूंजीवाद विरोधी' है और कितना 'समाजवाद समर्थक'? जिस तरह भारत 'समाजवाद के ढोंग' के कारण दशकों तक आर्थिक प्रगति से दूर रहा, वैसे ही अमेरिकी समाज अनैतिकता की हद तक मुनाफा कमानेवाले अमेरिकी पूंजीपतियों की असलियत जान चुका है। ऐसे में टैक्सदाताओं (पेयर्स) के पैसे से चलने वाले हर बिज़नस या उद्योग को सरकारी कर्ज खर्च करने की जिम्मेदार नीति बनानी ही होगी। इसलिए जब 1।7 खरब डॉलर का सरकारी कर्ज पाने के बाद अमेरिकन इंटरनैशनल ग्रुप (एआईजी) ने 16.5 करोड़ डॉलर की राशि बोनस के रूप में अपने अफसरों को बांट दी थी तो देश में कोहराम मच गया। यहां तक कि ओबामा भी अमेरिकी पूंजीवाद की कस्टेडियन 'वॉल स्ट्रीट' के खिलाफ क्रोधपूर्ण बयान देने से पीछे नहीं रहे। एआईजी की तिजोरी में 80 फीसदी निवेश आम जनता का है। ऐसी हालत में कंपनी के बड़े अफसरों को बोनस देने का घोर विरोध हो रहा है। मजे की बात यह है कि एआईजी ने अपने 73 अफसरों को एक-एक मिलियन डॉलर का बोनस बांटा। 33.6 मिलियन डॉलर का बोनस जिन 52 अफसरों को बांटा गया था, वे कंपनी छोड़ कर चले भी गए। अमेरिका में बोनस विरोध इतना तेज हो गया कि एआईजी के प्रमुख एडवर्ड लिड्डी को अमेरिकी कांग्रेस की एक समिति के सामने वादा करना पड़ा कि वे बोनस पाने वाले अधिकारियों से पैसा वापस मांगेंगे। आखिरकार एआईजी के टॉप एग्जेक्यटिव्स को बोनस लौटाने का फैसला करना पड़ा।
अपने विचारों में आस्था रखने वाले बराक ओबामा के लिए मंदी से उबारना मुश्किल नहीं होगा क्योंकि उनकी नीतियां जनता के हित में हैं और अमेरिकी जनता ने उन्हें अपना पूरा विश्वास दिया हुआ है। दुर्भाग्य से भारतीय राजनेताओं के बारे में यह नहीं कहा जा सकता। भारतीय नेताओं का स्वार्थ और भ्रष्टाचार जगजाहिर है। आर्थिक बदहाली की परवाह किए बिना भारत के 'समाजवादी' नेताओं और स्वार्थी पूंजीपतियों ने अपने काली कमाई स्विस बैंकों में बंद कर दी है, जिसे निकालना आसान नहीं होगा। अमेरिका की ताकतवर राजस्व नीतियों के कारण स्विस बैंक यहां की काली कमाई छुपाने की हिम्मत नहीं कर सकते लेकिन गरीब देशों के तानाशाहों का काला धन पचाने की उनकी परंपरा पुरानी है। अनेक अफ्रीकी तानाशाह मरने सेपहले अपने स्विस बैंक अकाउंट के वारिस घोषित करना भूल गए। इस कारण स्विस बैंक उनकी जमा राशि पचा गए। अफ्रीकी देशों के राजनेताओं और तानाशाहों की कमाई हजम करने के स्विस बैंकों के ट्रैक रेकॉर्ड को देखते हुए कहा जा सकता है कि भारत में सत्ता से जुड़े राजनेताओं और पूंजीपतियों की काली कमाई स्विस बैंकों से निकालने के लिए भारत की आम जनता को लंबी लड़ाई लड़नी होगी।

Thursday, March 19, 2009

भावुकता और क्रूरता से भरा अमेरिका का पशु प्रेम

इस लेख को मैंने प्रभात ख़बर के लिए लिखा था, लेकिन प्रकाशन तिथि की जानकारी नही मिली.
भावुकता और क्रूरता से भरा अमेरिका का पशु प्रेम
अशोक ओझा
न्यू यार्क की सडकों और पार्कों में अपने मालिकों के साथ घुमने वाले कुत्तों को देखकर लगता है यहाँ के निवासी सचमुच जानवरों से बहुत प्यार करते हैं। कुत्तों के लिए ठण्ड से बचने के लिए स्वेटर और उनके पैरों में पहने के लिए मोजे से लेकर उनके नाखून काटने के लिए सैलून, और शैंपू के लिए मंहगे स्पा तक बने हुए हैं. शौपिंग माल में कुत्ते और बिल्लिओं के लिए खाद्य पदार्थों से भरी अल्मारिओं की लम्बी कतारें अमेरिका की अरबो डॉलर के डॉग फ़ूड उद्योग का जीवंत प्रमाण हैं.

सचमुच अमेरिका नें जानवरों की प्रतिभा का लाभ उठाने के लिए अनेक तरकीबें खोज निकाली हैं। कुत्तों की मदद से नशीले पदार्थों की खोज में भारी मदद मिलती है, सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा के लिए कुत्तों की सूँघने की अद्भुत क्षमता का लाभ भी उठाया जाता है. लेकिन दूसरी तरफ हजारों कुत्ते और बिल्लियों को अपनाने वाले नहीं मिलते. शौपिंग माल के पालतू जानवरों की दूकानों में उन्हें अमानवीय ढंग से पिंजरे में बंद रखा जाता है. चूंकि इन घरेलू जानवरों को सडकों पर बेसहारा नहीं छोडा जा सकता, लगभग सत्तर प्रतिशत कुत्ते और बिल्ली , जिन्हें अपनाने वाला कोई नहीं मिलता, मार दिए जाते हैं.

अमेरिकी लोगों का पशु प्रेम कुत्ते और बिल्लिओं से ही पूरा नहीं होता। वे जंगली तोते, गिलहरी, सफ़ेद चूहे और अजगर आदि भी बड़े शौक से पालते हैं. न्यू यार्क की एक बहुमंजिली इमारत में उस दिन हलचल मच गयी जब यह पता चला कि इमारत की एक मंजिल पर आई टी कंपनी के कर्मचारी का पालतू अजगर छुट्टा घूम रहा है. उस कर्मचारी ने अपने मनोरंजन के लिए डेस्क के नीचे एक ग्लास जार में अजगर पाल रखा था जो उस दिन बहार निकल कर कहीं छुप गया. बड़ी मुश्किल से उसे खोज निकाला गया.

नेत्रहीनों को गाइड करने के लिए अब तक कुत्ते ही सर्वश्रेष्ट माने जाते थे। लेकिन कुछ लोग अब बौने खच्चर भी इस काम के लिए पालने लगे हैं. यहाँ तक तो ठीक था, लेकिन जब यह पशु प्रेम बन्दर, लंगूर, और चिम्पंजी को भी अपने आगोश में कसने लगा तो परेशानी बढ़ गयी. कनेटिकट प्रदेश में जब एक पालतू चिम्पंजी नें अपने मालिक से मिलने आये मेहमान पर आक्रमण कर दिया तो अमेरिकी कांग्रेस हरकत में आ गयी.

कैपिटल हिल की जन प्रतिनिधि सभा में कनेटिकट की घटना पर गंभीर रूख अपनाते हुए विधेयक पारित किया गया कि प्राईमेंट कहे जाने वाले चिम्पाजी, लंगूर और बंदरों की दूसरी जातियों को पालतू बना कर एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश की सीमा में नहीं ले जाया जा सकता। यह विधेयक अब सीनेट में बहस के लिए भेजा गया है.

आखिर क्यों लोग इन जीवों को पालतू बना कर अपने घरों में रखना चाहते हैं जिनकी प्रवृति स्वतंत्र घूमने की है? चिम्प, बन्दर, और लंगूर आदि मानव जाति की तरह ही सामाजिक जीव होते हैं। उन्हें अपने बच्चों के प्रति ममता होती है. वे इंसान की तरह ही कभी खुश तो कभी दुखी होते हैं. एक्जोटिक जानवरों के प्रति अमेरिकी लोगों का विशेष लगाव होने के कारण जानवरों के तस्कर उनका व्यापार करते हैं. बन्दर और चिम्प से उनके नवजात बच्चों को छीन लिया जाता है. इन मासूम जीवों को मानव शिशु की तरह ही अपनी माँ से दिन रात चिपके रहने की अदात होती है. यह उनकी प्रकृति है. लेकिन स्मगलरों के पिंजरे में वे अत्यंत दयनीय हो जाते हैं. जब उन्हें कोई पशु प्रेमी खरीदता है तो उनके साथ उनका अटूट लगाव बन जाता है. प्राइंमेट जीवों का यही प्रेम उनके लिए जी का जंजाल हो जाता है. अपने मालिक के प्रति वे इस कदर भावुक होते हैं कि उनमे इर्ष्या जैसी भावनाए जल्दी पैदा हो जाती हैं. वे अपने मालिकों से कभी दूर होना नहीं चाहते. उनसे मिलने वाले पर आक्रमण भी कर देते हैं. चिम्प और बन्दर तो इंसान से कई गुना ताक़तवर होते हैं. इसलिए भावावेश में वे कभी कभी अपने मालिकों पर ही हमला कर देते हैं.

एक पशुप्रेमी एक नवजात बबून को पालतू बना कर घर लाया। मालिक और बन्दर का प्रेम इतना बढ़ गया कि दोनों एक दूसरे का हाथ पकड़ कर टेलिविज़न देखा करते थे. साथ साथ घूमने जाया करते थे. एक दिन बन्दर ने अकारण ही अपने मालिक पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. तब से उसे लिविंग रूम में एक पिंजरे में रखा जाता है जहाँ से वह पूरे दिन टेलिविज़न देखा करता है.

एक और पशुप्रेमी का स्नेह अपने चिम्प के साथ इस हद तक बढ़ गया कि उसने अपने बेटे का कमरा खाली कर उसमे चिम्प को रखा। उस महिला के अपने बच्चे चिम्प प्रेम से इतना तंग आ गए कि आखिरकार उस महला को अपने बच्चों और चिम्प में से किसी एक का चुनाव करना पड़ा. उसने चिम्प को पसंद किया. बच्चे अपने राह कहीं और चले गए.

चालीस से पचास साल तक जीने वाले प्रांईँमेट (चिम्प, बन्दर आदि) का प्रेम अपने मालिकों से कभी कम नहीं होता लेकिन एक समय आता है जब उनके मालिक जानवरों से पिंड छुडाना चाहते हैं। लेकिन तब तक जानवरों के लिए बहुत देर हो चुकी होती है. इंसान के बीच रहने के कारण वे न तो जंगल में रहने लायक होते हैं न ही किसी चिडियाघर में दूसरे जानवरों के साथ. उन्होंने तो जीवन भर आदमी के साथ रहना सीखा है. अपने मालिक से बिछड कर यह जानवर निराशा और उदासी भरा जीवन जीते हैं. अक्सर उनकी तकलीफ दूर करने के लिए उन्हें मौत के घाट सुला दिया जाता है.

जानवरों को मौत के घात सुलाने में अमेरिकी लोग जादा संकोच नहीं करते। कनाडा की ठण्ड से बचने के लिए हजारों जल पक्षी अप्रैल और मई महीने की सुहानी हवा का आनंद लेने हजारों जल पक्षी न्यू जर्सी के रूज़वेल्ट पार्क में हर साल आया करते थे. पार्क के तालाब में तैरते और हरी हरी घास पर विचरण करते साथ में पार्क को गन्दा भी करते थे. यह बात स्थानीय प्रशासन को अच्छी नहीं लगी. निर्णय किया गया की इन् पक्षिओं की संख्या कम की जाए ताकि लोगों को घूमने फिरने के समय पैर मैं पक्षिओं के गूह न लगे. नतीजा यह हुआ कि हजारों पक्षी ज़हर दे कर मार डाले गए. अब पार्क में इतने पक्षी नहीं आते कि वहां गन्दगी हो सके.

जानवरों के साथ, चाहे वे जंगली हों या घरेलू, अमेरिकी लोंगों का सम्बन्ध विरोधाभास से भरा है। कभी पश्चिम की वादिओं में जंगली भैंस, जिन्हें बाईसन कहा जाता था, लाखों की संख्या में घुमा करते थे. उन्हें सिलसिलेवार ढंग से मार दिया गया. यही हाल जंगली घोडों का है, जिन्हें यहाँ के मूल निवासी, इंडियन लोग सदिओं से पालते रहे हैं. न्यू जर्सी के ग्रामीण इलाकों में, जहाँ घने जंगल हैं, भालू काफी संख्या में रहते हैं लेकिन उनकी आबादी नियंत्रित करने के लिए प्रशासन स्थानीय लोगों को शिकार का लाइसेंस दिया करता है. पशु अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली संस्थाओं नें भालू का शिकार करने पर रोक लगाने के मांग भी कि लेकिन प्रशासनिक शोच पर विशेष असर नहीं पड़ा.

मांसाहार की खातिर जिस देश में लाखों पशुओं की बलि दे दी जाती है, उस देश के लोगों का पशु प्रेम भावुकता और क्रूरता का अजीबोगरीब दृश्य पैदा करता है।

Sunday, March 8, 2009

क्यों होता है बीमार यह दिल बार बार?

हाल ही में दिल की बिमारी के इलाज़ के लिए न्यू ब्रुन्स्विक्क अस्पताल जाना पड़ा। अन्जिओप्लास्ती के दौरान जो भावनाएं मेरे दिमाग में चल रही थी उनका यह वर्णन है जो श्री हरिवंश के संपादन में छपने वाले हिन्दी समाचारपत्र 'प्रभात ख़बर' (रांची, पटना, के साथ कई और स्थानों से प्रकाशित) में गत सप्ताह प्रकाशित हुआ। संपूर्ण लेख इस प्रकार है:

क्यों होता है बीमार यह दिल बार बार?
नई जर्सी से अशोक ओझा
सन १९९८ में जब न्यू यार्क विश्वविद्यालय के अमेरिकी डॉक्टर को मैंने बताया कि मुझे सड़क पर चलते हुए सीने में तकलीफ होती है तो उसने छूटते ही कहा था: साउथ एशियन लोगों को यह बिमारी जादा होती है दिल की बिमारी.

भारतीय मूल के लोगों का दिल दुनिया के और लोगों से अधिक कमजोर है, इस निष्कर्ष को स्वीकार करने का मन नहीं हुआ. मैंने डॉक्टर की बातों पर ध्यान न देते हुए उनसे पूछा कि मेरी बिमारी का इलाज़ क्या है, तो उन्होंने अपने सेक्रेटरी से हॉस्पिटल में तारीख तय करने के लिए कहा जहाँ कि मेरा इलाज़ अनजिओग्राफी के जरिये किया जा सके. तब मुझे सिर्फ दो दिन अस्पताल में रहना पड़ा था जिसके दौरान दिल की दो बंद धमनियों को अन्जिओप्लास्ती की विधि से खोल दिया गया ताकि रक्त प्रवाह सामान्य हो सके. कुछ ही दिनों में मैं सामान्य जीवन जीने लगा.

वर्षों तक स्वस्थ रहने के बाद एक दिन न्यू यार्क की सडकों पर टहलते हुए जब मैंने सीने में जकडन महसूस की तो मन ही मन कहा: "नहीं, इस दर्द का मतलब यह नहीं होना चाहिए कि दिल कि धमनियां फिर से बंद होने लगी हैं.”

थोडी देर रूकने के बाद सीने का दर्द तो ख़तम हो गया लेकिन मेरी चिंता बनी रही. आखिर इस दर्द से बचने के लिए मैं रोजाना लंच के बाद सड़क पर टहलने जाता था लेकिन दिल फिर से बीमार पड़ ही गया! इस बार मैंने अपने कार्दिओलोजिस्त से, जो कि भारतीय-अमेरिकी हैं, पूछा कि आखिर क्यों होता है बीमार यह दिल बार बार? उन्होंने कहा कि यह तुम्हारे genes में है. नियमित अभ्यास और नियंत्रित खान पान के बावजूद अगर पीढियो से यह समस्या चली आ रही हो तो उससे छुटकारा मिलना आसान नहीं. उन्होंने चेताया कि अगर टहलते हुए बार बार सीने में दर्द या जकडन महसूस हो तो समझो अस्पताल जाना ही पड़ेगा. मैंने अपने आप से कहा कि चलना बंद नहीं करेंगे जब तक कि दर्द पुनः महसूस न हो.

लेकिन मेरे दिल ने मेरी बात कब मानी है! आखिर डॉक्टर के निर्देश पर अस्पताल का रास्ता पकड़ना ही पड़ा जहाँ फिर से वही प्रक्रिया-अनजिओग्राफी और अन्जिओप्लास्ती- की दुहराई जाने वाली थी.
निर्धारित दिन को अस्पताल के गलियारे में मुझे पहिये वाले बिस्तर पर उस कमरे में ले जाया जा रहा था जहाँ डॉक्टर और नर्सें मेरा इंतज़ार कर रही थीं। आपरेशन थिएटर में प्रवेश करने के पूर्व पत्नी और पुत्री ने गुड बाय किस किया. मैं उनकी तरफ देख रहा था. उनके चेहरे पर जैसे यह भाव था: "अकेले ही जाना पड़ेगा ऑपरेशन रूम में, लेकिन वापस आना ठीक होकर.”

पता नहीं अन्दर क्या होगा- मैंने मन ही मन कहा।कुछ ही समय पहले मैं एक आज़ाद व्यक्ति था लेकिन अब अस्पताल के कर्मचारिओं का कैदी, जहाँ से दिल का इलाज़ होने के बाद ही लौट सकता हूँ।

catheterization- यानि शरीर की रक्त वाहिनी के रास्ते से एक पतली प्लास्टिक ट्यूब दिल की धमनियो तक ले जाने की प्रक्रिया- से डॉक्टर दिल के उस हिस्से को देख सकता है जिसमे संकीर्णता आ जाने के कारण रक्त प्रवाह कम हो चुका है और नतीजे के तौर पर चलते समय छाती में दर्द सा महसूस होता है। प्लास्टिक ट्यूब के साथ बैलून तकनीक के सहारे प्रभावित धमनी के संकीर्ण भाग को खोल दिया जाता है और उस जगह स्टील कि नन्ही जाली, जिसे स्टेंट कहा जाता है, रख दी जाती है जो भविष्य में धमनी को फिर से संकीर्ण होने से रोकती है।

"अन्जिओप्लास्ती आज कल तो सामान्य सी बात है", अस्पताल जाने से पहले एक दोस्त ने कहा था। "तुम्हारे डॉक्टर तो इस विधा के टॉप एक्सपर्ट हैं", नर्स मेरे कान में फुसफुसाई, "उनके बारे में कहा जाता है कि वे आँख मूँद कर भी रोगी के दिल में कैथेटर यानि प्लास्टिक ट्यूब घुसा कर अन्जिओप्लास्ती कर सकते हैं", उसने जैसे मुझे आश्वस्त किया.

लेकिन मेरे अन्दर एक अज्ञात भय घुस गया था. "ठीक है मेडिकल तकनीक बहुत प्रगति कर चुका है. एक प्लास्टिक ट्यूब कंप्यूटर के निर्देश पर दिल के उस कोने में जाता है जहाँ रक्त संचार अवरूद्ध हो चुका है. डॉक्टर ट्यूब में लगे बैलून को फूला कर संकीर्ण भाग को चौडा करता है और धमनी को बंद करने के लिए जिम्मेदार अवांछित तत्वों, जिन्हें plaque कहा जाता है, हटा देता है. फिर उसी स्थान पर स्टेंट जमा देता है. लेकिन यह भी तो हो सकता है कि शरीर की आतंरिक संरचना मेडिकल साइंस की नई खोजों को स्वीकार न करे, धमनी को चौडा करते समय उसमे दरार पड़ जाय! कोई भी सौ प्रतिशत गारंटी नहीं दे सकता कि अन्जिओप्लास्ती की प्रक्रिया सफल हो जायेगी." मैं अपने आप से कह रहा था.
मैंने सोचा मुझे कुछ अध्यात्मिक ताकत की ज़रुरत है. मेरी उम्र पहले से तय है. दिल की बिमारी के बावजूद अगर मेरी आयु लम्बी है तो इस मेडिकल प्रक्रिया को सफल होना ही पड़ेगा. पिछली बार मेरा इलाज़ सफल हुआ था तो इस बार क्यों नहीं होगा? शायद मुझे अपने खान पान के बारे में जादा सजग होने चाहिए था और होटल रेस्तौरांत में खाने से पूरी तरह परहेज़ करना चाहिए था. काश मैं ऐसा कर पाता तो शायद मेरे genes में दिल की बिमारी होने और भारतीय यानि साउथ एशियन होने के बावजूद मेरे हृदय की धमनियों में रक्त सामान्य ढंग से दौड़ रहा होता!

मैंने अपने डॉक्टर की योग्यता और मेडिकल साइंस की उपलब्धिओं में पूर्ण विश्वास करने का निश्चय किया। लेकिन मन था कि नर्वस हो रहा था. एक नकारात्मक विचार मानस में दौड़ गया. "अगर प्लास्टिक ट्यूब अपने गंतव्य तक नहीं पहुँच सका या धमनी फट गयी तो क्या होगा. मेरी उम्र अचानक समाप्त! अपने प्रिय जनों से मिले बगैर ही मैं इस दुनिया से जा चुका होऊंगा. क्या करुँ? नहीं चाहिए यह इलाज़. क्या मैं जोर से चिल्लाऊं कि मैं यहाँ से जाना चाहता हूँ? अगर ऐसा किया तो मुझे पागल समझा जायेगा. मेरी पत्नी और बेटी भी इस बात से घबरा जायेंगे. कोई यह नहीं चाहता कि मैं बिना इलाज़ वापस जाऊं."

मैंने अपने आप से कहा कि चुपचाप लेटे रहना ही ठीक है. जो होगा देखा जायेगा. मैंने नर्स से कहा: "कुछ कहो ताकि मेरी घबराहट दूर हो जाये। "

"मैं आराम करने की दवा देती हूँ।” मैंने देखा उसने एक द्रव्य मेरे हाथ की नशों में प्रवाहित किया. मुझे मालूम था वह दवा नींद लाने की है ताकि मैं जादा सोच न सकूं. अमेरिका में रोगी को दिलासा देने के लिए चिकनी चुपडी बाते सुनाने का रिवाज़ नहीं है. यहाँ हर समस्या के लिए कोई न कोई दवा जरूर है.

"यह मेरे पारिवारिक मित्र हैं।" मुझे डॉक्टर की आवाज़ सुनायी पड़ी जो नर्सों से बात कर रहे थे। मुझे लगा डॉक्टर एक मरीज़ का नहीं एक मित्र का इलाज़ करेंगे।अगले तीस मिनटों तक मैं डॉक्टर और नर्सों के बीच वार्तालाप सुनता रहा जो कि मुख्यतः प्लास्टिक ट्यूब को हृदय की धमनिओं के संकीर्ण हिस्से की तरफ सफ़र का विवरण था. मेरी बाईं तरफ कंप्यूटर स्क्रीन पर काली रेखाएं नृत्य कर रही थी जो कि असल में दिल की धमनियों की कई शाखाएँ थी.

अचानक सीने में चुभन महसूस हुई. नर्स ने कहा आपके हृदय की धमनी में रूकावट को दूर करने के लिए प्लास्टिक ट्यूब का बैलून फुलाया जा रहा है. मैं दर्द को सहने की कोशिश करने लगा इतने में मुझे बताया गया कि स्टेंट अपनी जगह पर बिठा दिया गया है और प्लास्टिक ट्यूब यानि कैथेटर अपना काम कर के वापस लौट रहा है।

डॉक्टर ने मेरी दाहिने जांघ के उपर एक छेद किया था जिसके अंदर कैथेटर घुसाया गया था. वहां मोटी पट्टी बिठा दी गयी ताकि उस छेद से रक्त का रिसाव न हो. मुझे फिर भी तेज दर्द हो रहा था.
मुझे बाहर ले जाया जा रहा था लेकिन मेरा शरीर कह रहा था: "अब पुनः यहाँ न आना पड़े.”
इस बार मैंने अपने आप से वादा किया की चटक मटक खाने से पुर्णतः परहेज करूंगा. क्यों कि पता नहीं दिल फिर कब बीमार पड़ जाये!

Tuesday, March 3, 2009

भेदभाव भरी अमेरिकी बेरोजगारों की जिंदगी!

Published in 03 Mar-2009 Print Edition of नईदुनिया
अमेरिका का पूंजीवादी समाज इस बात पर गर्व करता रहा है कि यहां समृद्ध होने के लिए सबको "समान अवसर" प्राप्त हैं। ऊंचे और अच्छे वेतन के साथ आकर्षक बोनस पाने वाले सीईओ और उसी कंपनी के एक सामान्य कर्मचारी की आमदनी में आकाश-पाताल का फर्क होने के बावजूद एक आम अमेरिकी भेदभाव के समाजवादी नारे को नजरअंदाज कर संतोष की जिंदगी जीना चाहता है।

आर्थिक संकट के दौर में यह सच्चाई कड़वी लगती है कि डूबते बैंकों के आला अफसरों को लाखों डॉलर बोनस मिले जबकि महीनों से बेरोजगार आम आदमी बची-खुची पूंजी भी खत्म करने के कगार पर पहुंच जाए। अमेरिकी श्रम विभाग चार महीने से ज्यादा समय तक बेरोजगारी भत्ता नहीं देता। बड़े अफसरों को नौकरी छोड़ने के बदले लाखों डॉलर के मुआवजे की जानकारी मिलते ही राष्ट्रपति ओबामा ने घोर आपत्ति जताई। दिवालिया होने की कगार पर खड़े इन बैंकों में ओबामा सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। ओबामा ने करोड़ों डॉलर की आर्थिक सहायता तो मुहैया कराई लेकिन अफसरों को लाखों डॉलर बोनस देने के लिए उन कंपनियों को फटकार भी लगाई।

घाटे का समाना करने वाले न्यूयॉर्क के सैकड़ों वित्तीय संस्थानों और बैंकों ने सिर्फ बोनस के रूप में लगभग २० करोड़ डॉलर अपने बड़े अफसरों को बांटे। यहां कुछ उदाहरण देना उचित होगा। विश्व प्रसिद्ध बैंक "सिटी गु्रप" के चीफ एक्जीक्यूटिव विक्रम पंडित को ३२ लाख डॉलर और चेयर मैन सेनफॉर्ड विल को दस लाख डॉलर सालाना बोनस मिलता था जबकि जनरल मोटर्स के सीईओ को ११७ लाख डॉलर। यह वही सिटी बैंक था जिसने घाटे से निबटने के लिए सिंगापुर के निवेशकों का दरवाजा खटखटाया था।

कहते हैं कि अमेरिकी समृद्धि का रहस्य यहां की सख्त "वर्क कल्चर" में छिपा है। शायद यह कल्चर सिर्फ छोटे तबके के लोगों के लिए ही बना है। यूरोप सहित दुनिया के अधिकांश देशों में पूरे साल में एक महीने की अर्जित छुट्टी मिल सकती है लेकिन अमेरिका के कामगारों को सिर्फ दो हफ्ते की। यदि आप पांच साल से अधिक किसी कंपनी में काम कर रहे हो तो आप को तीन हफ्ते की अर्जित छुट्टी मिल सकती है। और चार हफ्ते की छुट्टी पाने के लिए आप की नौकरी कम से कम १० साल की होनी चाहिए। इसके अलावा आप सिर्फ दो दिन का आकस्मिक अवकाश ले सकते हैं।

अमेरिकी अर्थव्यवस्था में उधार की शर्तें तो बड़ी सहज कर दी गईं लेकिन नौकरी की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं मिली। एक लाख सालाना से ज्यादा वेतन पाने वाले आईटी विशेषज्ञों ने उधार पर मकान और शान-शौकत भरी जिंदगी जीने के लिए महंगी गाड़ी खरीद ली। उन्हें क्या पता था कि उधार की जिंदगी का जलवा उस दिन अचानक धूमिल हो जाएगा जब उनकी नौकरी चली जाएगी और किस्तें या कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा!

Sunday, February 15, 2009

An enlightening evening with Kader Khan

Usually, I have found that the South Asian community hosts entertainment program featuring popular songs and dance performances, most of whom poor copies from Bollywood movies. On Valentine's Day of Ferurary 14, Holiday Inn owner, Gulshan Chhabra and Edison Councilman Dr. Sudhanshu Prasad invited me for an unusual program of Ghazal recitation by Kader khan, whom I have known as an actor and dialogue writer. To my surprise Khan used his deep theatrical voice to recite classical verses of Ghalib that, in spite of being popular, were full of difficult Persian and Urdu words. Undoubtedly, Ghalib remains a binding force for all South Asians, just like Amir Khusro, Iqbal, Kabir and Meerabai. Here is a brief report of Kader Khan's show:

Kader Khan, a legendary actor and writer of Hindi movies, enthralled the audience in Edison with his recitation of verses written by the classical Urdu and Persian poet of India, Ghalib, whose Ghazals remain popular not only in India and Pakistan but also amongst diaspora communities around the world. The program was organized on Valentine's Day at Holiday Inn hotel in Edison.

The audience thoroughly enjoyed the lines recited by Khan in his innovative style that were followed by performances by professional Ghazal singers, Shimble Raza and Ghulam Abbas. Khan said that he was happy to present Ghalib's poetry to the South Asian community of New Jersey on Valentine's Day, that was celebrated to spread the message of love. He, however, fell short of endorsing the way this event was celebrated in the West. “We must not divert from our traditions and culture and mistakenly express superficial affection for the opposite sex”, he cautioned. “Ghalib was a romantic person who deeply remained attached to traditions and social norms.”

Khan, who arrived in Edison from Canada, interpreted the lines for the benefit of non-Urdu speaking audience. The lines were simultaneously displayed on a lager screen during his recitation. “I would like you to feel the nuances of the great poetry of Ghalib before you burst into applause”, he commented laughingly.

Some of the lines that Khan recited included, “Dil-e-Nadan tujhe hua kya hai, Aakhir is marz ki dawa kya hai (O, innocent heart what is wrong with you, I am at a loss to find the remedy for this suffering!).”

Khan explained that he wanted to expose the South Asian communities in USA and Canada to their rich tradition of classical poetry of the past centuries. “We all are familiar with Ghalib's verses but don't fully grasp the in-depth meaning of words and symbols used by the poet”, he explained. He said that he planned to distribute printed copies of Ghalib's poems among his audience during his future shows.

Khan said that he was engaged in teaching Arabic and Urdu to the natives of India and Pakistan who were living in Dubai while he taught Hindi and Urdu to the Arabic speaking population.
Ghalib wrote his poetry during the fading phase of the Mogul empire and the tragic failure of 1957's mutiny against the British. His original name was Mirza Asadullah Beg who, following the tradition of classical Urdu poets, adopted the nick name, Ghalib. He was born on December 27, 1797 in Agra of parents with Turkish aristocratic ancestry.

Monday, February 9, 2009

क्या बुश को कठघरे में खड़ा करेंगे ओबामा

9 फरवरी 2009, नवभारत टाइम्स में प्रकाशित
न्यू जर्सी से अशोक ओझा
अमेरिकी राष्ट्रपति का पद भार संभालते ही ग्वांतनामो बे और सीआईए की सभी गुप्त जेलों को एक साल के भीतर बंद करने का नीति निर्देश जारी कर बराक ओबामा ने अपने चुनावी वादों को पूरा किया है, लेकिन अमेरिका में यह विवाद शुरू हो गया है कि ग्वांतनामो को बंद करने से कहीं देश की सुरक्षा तो खतरे में नहीं पड़ जाएगी। रिपब्लिकन और कंजरवेटिव नेता यहां तक कहने लगे हैं कि ग्वांतनामो के खतरनाक कैदियों को अमेरिका की सिविलियन जेलों में भेजने से स्थानीय लोग असुरक्षित हो जाएंगे।
भूतपूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश और उनकी तिकड़ी के सदस्य उपराष्ट्रपति डिक चेनी और रक्षा मंत्री डोनाल्ड रम्सफेल्ड ने यातना के तौर-तरीकों के समर्थन में अपने अधिकारियों को गुपचुप आदेश जारी किए थे, जिनसे अब पर्दा उठ रहा है। चेनी ने यहां तक कहा कि उन्हें ग्वांतनामो में जांच-पड़ताल के लिए इस्तेमाल में लाए गए सभी तौर-तरीकों, खास तौर पर वॉटर बोर्डिन्ग के बारे में जानकारी थी। चेनी का मत है कि पूछताछ के इन तरीकों से ही अमेरिका को इतने सालों तक आतंकी हमलों से सुरक्षित रखा जा सका है। परोक्ष रूप से चेनी यह कहना चाहते होंगे कि अगर ओबामा सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में उनकी और बुश की बनाई नीतियों को बदलने की कोशिश की तो अमेरिका की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
9/11 के षड्यंत्र में शामिल और अल कायदा व तालिबान से जुडे़ तथाकथित आतंकवादियों पर 'एनमी कांबैटेंट' का ठप्पा लगा कर सैकड़ों लोगों को दुनिया के विभिन्न हिस्सों से पकड़ा गया और अमेरिकी सीमा से बाहर कैद कर दिया गया। सालों तक इन कैदियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत इकट्ठा करने की कोशिश में उन्हें यातनाएं दी गईं। इन यातनाओं में सबसे अधिक आपत्तिजनक थी वॉटर बोर्डिन्ग। कैदियों को यातना देने की यह ऐसी विधि है, जिसमें कैदी का सिर पानी में तब तक डुबाया जाता है जब तक कि वह सांस लेने के लिए व्याकुल न हो जाए और डूबने जैसा न महसूस करने लगे। अंतरराष्ट्रीय नियमों और जिनीवा कन्वेंशन के तहत वॉटर बोर्डिन्ग को यातना की प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है।
रिपब्लिकन और कंजरवेटिव खेमे के लोग ग्वांतनामो और सीआईए की गुप्त जेलों में कैदियों के साथ बरती जाने वाली यातना की खबरों को नजरअंदाज करते हुए आम लोगों को यह विश्वास दिलाने में लगे हैं कि देखिए, इन उपायों के कारण ही 9/11 के बाद अमेरिका में कोई आतंकवादी हमला नहीं हुआ। अगर अंतरराष्ट्रीय कानून या जिनीवा कन्वेंशन को ताक पर रखकर अमेरिका को आतंकवाद से मुक्त रखा जा सकता है, तो इसमें बुराई क्या है। ऐसा कहकर वे न केवल बुश की नीतियों को सही ठहराना चाहते हैं, बल्कि यह भी साबित करना चाहते हैं कि बुश ने एफबीआई और सेना के जांच अधिकारियों को कैदियों से पूछताछ के लिए अत्यधिक बल प्रयोग की इजाजत देकर अमेरिकी संविधान का उल्लंघन नहीं किया।
ओबामा दुनिया में अमेरिका की छवि सुधारने के लिए वचनबद्ध हैं। भूलना नहीं चाहिए कि अमेरिकी सेनेट में ओबामा ने बुश को युद्ध करने का अधिकार देने के प्रस्ताव के विरुद्ध वोट किया था। उन्होंने अपने भाषणों में स्पष्ट किया है कि बुश की नीतियों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय में धूमिल हुई अमेरिका की छवि को सुधारने का वे हर संभव प्रयास करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में ओबामा ने कहा था कि अपनी सैन्य ताकत के बल पर अमेरिका को मनमानी करने का हक नहीं है।
ग्वांतनामो के कैदियों को यातना देने की नीति को एक और झटका तब लगा, जब बुश के ही एक अधिकारी ने कबूल किया कि जिन कैदियों को यातना देकर सबूत जमा किए गए, उनके खिलाफ आतंकी होने का मुकदमा नहीं चलाया जाएगा। ग्वांतनामो बे की न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी एक अधिकारी सूसन क्राफोर्ड ने मोहम्मद अल कहतानी नामक कैदी के खिलाफ पूछताछ के तरीकों को अवैध करार देते हुए कहतानी के खिलाफ मुकदमा रोक देने की घोषणा की है। कहतानी 9/11 के विमान अपहरण में शरीक होने के लिए अमेरिका आना चाहता था, लेकिन उसे वीजा नहीं मिला। बाद में उसे अफगानिस्तान में पकड़ा गया और ग्वांतनामो लाया गया।
जांच निष्कर्ष में क्राफोर्ड ने कहा है कि सऊदी अरब के नागरिक को कई तरह से शारीरिक यातनाएं दी गईं। क्राफोर्ड के अनुसार ये क्रूर तरीके डोनाल्ड रम्सफेल्ड ने मंजूर किए थे। सुप्रीम कोर्ट ने 2006 में फैसला दिया था कि रम्सफेल्ड के नेतृत्व में बना मिलिट्री कमिशन संविधान की भावनाओं के अनुरूप नहीं था और यह जिनीवा कन्वेंशन का उल्लंघन था।
क्राफोर्ड मानती हैं कि कहतानी एक खतरनाक मुजरिम है और उसे यूं ही नहीं छोड़ देना चाहिए, लेकिन यह निर्णय प्रेजिडंट ओबामा को करना होगा। ओबामा ग्वांतनामो को बंद करेंगे, लेकिन उन खतरनाक कैदियों के बारे में भी फैसला करेंगे जिनके खिलाफ संदेह पैदा करने वाले सबूत मौजूद हैं। ग्वांतनामो में अब 245 कैदी बचे हुए हैं, जिन्हें या तो उनके देश वापस भेजा जाएगा या उन्हें अमेरिकी जेलों में स्थानांतरित कर उन पर मुकदमे चलाए जाएंगे।
ओबामा को उन कानूनी पेचीदगियों को भी सुलझाना पडे़गा, जो बुश प्रशासन के दौरान हुई घटनाओं के कारण पैदा हुई हैं। यदि आधिकारिक तौर पर यह माना जाए कि ग्वांतनामो में कैदियों को यातना दी गई थी, तो सवाल उठेगा कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है। अगर ओबामा ने सचाई जानने के लिए जांच कमिटी बिठाई, तो उंगली जॉर्ज बुश की तरफ भी उठ सकती है। फिर शायद अबू गरीब का मामला भी उठे। सबूतों का सिलसिला अगर बुश तक पहुंचता है, तो सवाल उठेगा कि क्या ओबामा बुश को कठघरे में खड़ा होने पर मजबूर करेंगे?
फिलहाल तो ओबामा के सामने देश की बिगड़ती हुई आर्थिक स्थिति सबसे अहम मुद्दा है। अमेरिका में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, जिससे राहत दिलाने के लिए ओबामा 850 अरब डॉलर की सरकारी राहत योजना कांग्रेस से पारित कराने में जुटे हैं। ऐसी स्थिति में पूर्व राष्ट्रपति को कानून के दायरे में ला पाना एक मुश्किल काम होगा। फिलहाल तो पेंटागन इस कोशिश में है कि ग्वांतनामो को बंद करने का टाइम टेबल कैसे तैयार किया जाए।

Wednesday, February 4, 2009

गांधी, मार्टिन लूथर किंग और ओबामा

Published in 31 Jan-2009 Print Edition of नईदुनिया
ओबामा के राष्ट्रपति बनने से मार्टिन लूथर किंग का सपना अभी पूरा नहीं हो गया है । बराबरी और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए पिछली सदी में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रवाद को जो चुनौती दी थी वह आंशिक रूप में ही पूरी होती दिखाईदी है ।किंग का मानना था कि जिस संघर्ष की शुरुआत उन्होंने की है वह महात्मा गांधी के रास्ते पर चलते हुए ही सफल हो सकता है और वैसा मुमकिन होता जा रहा है ।

अशोक ओझा

संयोग ही है कि अमेरिका में अश्वेत लोगों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए सत्याग्रह का बिगुल बजाने वाले नेता मार्टिन लूथर किंग के जन्मदिन के एक दिन बाद व्हाइट हाउस में अश्वेत प्रेसिडेंट ने प्रवेश कर देश का नेतृत्व संभाला।
चालीस साल पहले अश्वेत लोगों को बराबरी का हक दिलाने के लिए किंग ने असहयोग आंदोलन चलाया था। उन दिनों उनको नीग्रो कहा जाता था। अल्बामा प्रदेश के मोंटगुमरी नामक शहर में बस से सफर करने वाले अश्वेतों को आगे के दरवाजे से बस में आकर किराया देना पड़ता था, फिर नीचे उतर कर पिछले दरवाजे से बस में घुस कर अश्वेतों की सीट पर बैठना पड़ता था। अगर अश्वेत खंड में सीटें भर भी जाएं तो भी किसी अश्वेत यात्री को बस के अगले हिस्से में, जो श्वेत लोग की लिए आरक्षित होता था, बैठने की इजाजत नहीं थी, भले ही वे सीटें खाली क्यों न हों! यहां तक कि यदि बस के अगले हिस्से में सीटें भर गई हों और बस में कुछ और श्वेत लोग आ जाएं तो उनके लिए ड्राइवर अश्वेत यात्री को अपनी सीट से उठाने के लिए मजबूर करता था। उसके न उठने पर पुलिस बुलाई जाती जो अश्वेत यात्री को गिरफ्तार कर लेती।
मोंटगुमरी में अश्वेतों के साथ होने वाले इस अन्याय के खिलाफ पहली बार आंदोलन शुरू हुआ जिसका नेतृत्व मार्टिन लूथर किंग और उनके साथियों ने किया। अल्बामा से शुरू हुए इस जन आंदोलन का नेतृत्व करते हुए मार्टिन लूथर किंग ने अश्वेत हिंसा का सहारा नहीं लिया। काले, गरीब लोगों को अमेरिकी संविधान के तहत बराबरी का हक दिलाने और उनकी गरीबी दूर करने का अपना सपना पूरा करने के लिए किंग ने गांधी के अहिंसा और सत्याग्रह का सहारा लिया। उन दिनों अल्बामा के अलावा जॉर्जिया, मिसिसिपी और दक्षिण के अन्य राज्यों के अश्वेत लोगों को भारत के अछूतों की तरह रहना पड़ता था। उनके लिए सार्वजनिक स्थान पर अलग शौचालय थे, डिज्नी वर्ल्ड जैसे मनोरंजन स्थलों पर जाने की मनाही थी। उनके लिए अलग स्कूल थे और वे कम से कम वेतन वाली नौकरियां करते थे। नौकरी से निकाले जाने वालों में पहले अश्वेत ही होते थे।
मार्टिन लूथर किंग बुराई से लड़ने के लिए कौन से रास्ते अपनाते? उनके कई साथी मानते थे कि गरीबी से लड़ने का एक ही रास्ता कम्युनिज्म है लेकिन किंग एक धार्मिक व्यक्ति थे, वे पादरी थे और मानते थे कि कम्युनिज्म में ईश्वर के लिए कोई जगह नहीं, उनको यह पसंद नहीं था कि कम्युनिज्म इनसान की आजादी छीन लेता है। अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए झूठ का सहारा लेने से कम्युनिस्ट संकोच नहीं करता, वह एक बेहतर रास्ता ढूंढ़ रहे थे, उन्होंने महात्मा गांधी का भाषण सुना जिन्होंने अहिंसा आंदोलन के जरिए १९४७ में ब्रिटिश शासकों को भारत से जाने के लिए मजबूर किया था। किंग की गांधी के समान आंदोलन की प्रमुख शर्त थी दुश्मन के खिलाफ हिंसक रास्ता नहीं अपनाना। किंग ने गांधी का ईसा मसीह रूप देखा। किंग ने सोचा जब गांधी के रास्ते से भारत आजाद हो सकता है तो अमेरिका में अश्वेत लोगों को उनके अधिकार क्यों नहीं दिलाए जा सकते? उन्होंने अहिंसा का रास्ता चुना क्योंकि अहिंसा कायरता नहीं है, उसे अपनाने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए।
किंग का अहिंसा आंदोलन वाशिंगटन पहुंचा जहां उन्होंने प्रसिद्ध "आई हेव ए ड्रीम" (मेरा एक सपना है) भाषण में कहा, "मुझे उस दिन की प्रतीक्षा है जब मेरे बच्चों को उनकी चमड़ी के रंग से नहीं देखा जाएगा बल्कि उनके चरित्र की गुणवत्ता से परखा जाएगा।" किंग ने बराबरी और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए पूरे अमेरिकी राष्ट्रवाद को चुनौती दी थी, जिसे स्वीकार किया राष्ट्रपति जानसन ने और सिविल राइट्स एक्ट और बाद में वोटिंग राइट्स कानून बनाकर अश्वेत समाज को अमेरिकी पहचान का हिस्सा बनाया। उसके थोड़े ही दिनों बाद अमेरिका में सबकी बराबरी का जनाधिकार (सिविल राइट्स) कानून लागू हुआ और अश्वेतों को वोट देने के अधिकार मिले। तब से अश्वेतों को नीग्रो कहना अपराध माना जाने लगा।
किंग ने २५ साल की उम्र में अहिंसा सत्याग्रह शुरू किया था और ३९ साल की उम्र में उनकी हत्या कर दी गई थी। आज वे ८० साल के होते। चालीस साल पहले किंग ने एक इंटरव्यू में कहा था कि भेदभाव के कारण अमेरिका में एक अश्वेत आदमी राष्ट्रपति नहीं बन पा रहा था, जबकि अनेक अश्वेत लोग इस पद के योग्य हैं। उन्होंने संभावना व्यक्त की थी कि पचीस वर्ष बाद अमेरिका का राष्ट्रपति अश्वेत होगा। कुछ देर से ही सही अश्वेत ओबामा को व्हाइट हाउस पहुंचने में चालीस साल लग गए।गांधी के सत्याग्रह की तर्ज पर किंग ने जन अधिकार आंदोलन चलाया। अमेरिका के नेतृत्व की लड़ाई में ओबामा ने भी गांधी से प्रेरणा ली। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी हिलेरी को विदेश सचिव बनाया और मेकेन के पास सलाह-मशविरा के लिए गए। लिंकन मार्टिन लूथर किंग और गांधी की जीवन कथाओं ने ओबामा के व्यक्तित्व की रचना की ।अमेरिका ने रंगभेद के दायरे से बाहर जाकर ओबामा का नेतृत्व स्वीकार किया है।
देश की युवा पीढ़ी और मध्य वर्ग ने रंगभेद भूलाकर ओबामा का नेतृत्व स्वीकार किया है, जिससे कि मार्टिन लूथर किंग के सपने को रंगभेद के दायरे से बाहर देख कर नागरिक अधिकार के लिए कानून बनाए गए ।ओबामा ने अश्वेत वोट जीतने के लिए नस्लवाद का सहारा नहीं लिया। एक साल पहले उनके आलोचकों में अधिकांश अश्वेत लोग थे लेकिन जनवरी २००८ में श्वेत और अश्वेत लोगों में बदलाव लाने वाले ओबामा के महामंत्र में आशा की किरण दिखाई पड़ी और नए दौर की शुरुआत हुई। इसका सबूत मिला आयोवा प्रदेश में जहां के चुनाव में ओबामा को अधिकांश वोट मिले जबकि वहां अश्वेत लोगों की आबादी सिर्फ चार है। आयोवा का उदाहरण एक के बाद एक राज्यों का पथप्रदर्शक बन गया। इस स्थिति में अमेरिका एक अश्वेत राष्ट्रपति की प्रतीक्षा कर रहा था।
लेकिन ओबामा के राष्ट्रपति बनने से मार्टिन लुथेर किंग के सपने पुरे नही हुए हैं। व्हाइट हाउस में एक अश्वेत के बैठ जाने से अमेरिका के अश्वेत समाज की समस्याने दूर नही हो जाती। शिक्षा के शेत्र में अश्वेत लोग आज भी घटिया स्कूल में जाते हैं जैसे की किंग के जमाने में जाते थे। अश्वेतों में नशीले पदार्थों का सेवन गहराई से बैठा है और उससे जुड़ी अपराधिक समस्याएँ भी। अमेरिकी जेलों में अश्वेत लोगों की बढोत्तरी ऐसी ही एक समस्या है। कानून का पालन करने वाली अजेंसिओं के लिए काला होने शक के दायरे में दाल देता है। कह नही सकते के कानून के रखवाले का नजरिया कब बदलेगा? कह नही सकते की अश्वेत लोगों के साथ नौकरिओं में भेदभाव निकट भविष्य में खत्म हो जाएगा। यह भी नही कह सकते की मीडिया और हॉलीवुड में अश्वेत लोगों को अपराधी और चोर के रूप में पेश करने का सिलसिला कब बंद होगा?

किंग के माँ उनसे कहती थी: बेटा, तू किस्सी से कम नही। अब हर अश्वेत बालक की माँ कह सकती है: बेटा तू कुछ बनना तो ओबामा जैसा! इस अर्थ मैं किंग का सपना ज़रूर पुरा हुआ है।